Homeअपराधहरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग से दुष्कर्म का 5 हजार का...

हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग से दुष्कर्म का 5 हजार का इनामी आरोपी बरेली से गिरफ्तार

(काशिफ सुल्तान) हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के बरेली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम करीब डेढ़ माह से जुटी हुई थी। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, दो सितंबर 2026 को कलियर थाना क्षेत्र के रहमतपुर निवासी शाहिद पुत्र अनीस ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया है। शिकायत के आधार पर थाना कलियर में मुकदमा दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक देहात के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बहादराबाद के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और अन्य सुराग जुटाए। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 12 सितंबर को बरेली से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहा था।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश जारी रखी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों व मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगाया। इसके बाद 27 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के किला थाना क्षेत्र के ग्राम सालेनगर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को विवाह करने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात बताई। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments