Homeअपराधबिना फेरे 'डॉन' की दुल्हन बनी मोहतरमा: पत्रकार को दी कत्ल की...

बिना फेरे ‘डॉन’ की दुल्हन बनी मोहतरमा: पत्रकार को दी कत्ल की धमकी,पुलिस ने उतारा ‘काल्पनिक सिंदूर’ का भूत

(काशिफ सुल्तान) कहते हैं इश्क अंधा होता है, लेकिन राजस्थान में तो यह सीधे अंडरवर्ल्ड  की राह पर निकल पड़ा। यहां एक महिला ने न सात फेरे लिए, न कभी शक्ल देखी, पर सीधे जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को अपना ‘परमेश्वर’ मान बैठी। हद तो तब हो गई जब मैडम ने अपने इस ख्याली पति के नाम पर यूपी के एक पत्रकार को कत्ल की धमकी तक दे डाली।मामला शामली के थाना गढ़ीपुख्ता का है। एक पत्रकार ने लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग की हरकतों पर खबर चला दी। बस फिर क्या था, राजस्थान के जयपुर में बैठी बिंदु देवी की ‘एकतरफा गृहस्थी’ में आग लग गई। मैडम ने आव देखा न ताव, तुरंत पत्रकार के व्हाट्सएप और मैसेंजर पर मिसाइल दाग दी—“खबर कैसे चलाई? मैं लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बोल रही हूं, सीधा ऊपर पहुंचा दूंगी!”पत्रकार ने खौफ खाने के बजाय सीधे शामली पुलिस से संपर्क साध लिया। एसपी शामली के आदेश पर गढ़ीपुख्ता पुलिस, साइबर क्राइम और सर्विलांस टीम ने जब डिजिटल कुंडली खंगाली, तो तार सीधे जयपुर जा जुड़े। पुलिस ने दबिश देकर ‘काल्पनिक भाभी जी’ को उसी मोबाइल समेत धर दबोचा, जिससे खौफ का तांडव रचा जा रहा था।पूछताछ में जो सच निकला, उसने खाकी को भी सिर पीटने पर मजबूर कर दिया। बिंदु देवी ने कबूला कि उसकी आज तक लॉरेंस बिश्नोई या उसके किसी गुर्गे से हाय-हैलो तक नहीं हुई है। वो तो बस ‘मन ही मन’ उसे अपना पति मानकर गैंगस्टर वाइफ का रूतबा झाड़ रही थी।इसे कहते हैं—सूत न कपास, जुलाहे से लट्ठम-लट्ठा! लॉरेंस जेल में अपनी रोटियां गिन रहा है और इधर बिना मिले ही उसकी ‘श्रीमती’ बनकर मैडम ने यूपी पुलिस की सरकारी मेहमाननवाज़ी का टिकट कटा लिया। फिलहाल साइबर पुलिस ने उनका ख्याली सिंदूर और डॉन बनने का शौक, दोनों हवालात में ठंडे बस्ते में डाल दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments