(काशिफ़ सुल्तान) लगातार तीन दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश ने लक्सर क्षेत्र के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पानी भर जाने से कटाई के लिए तैयार खड़ी धान की फसल पूरी तरह पानी में डूब गई है। कई स्थानों पर कटी हुई धान की फसल भी पानी में बहने और सड़ने लगी है। खेतों में घुटने तक पानी जमा होने से किसानों के सामने फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है। धान के साथ-साथ गन्ने की फसल को भी बारिश से भारी नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है।
लगातार बारिश के कारण खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं। किसान मोटर और अन्य साधनों से खेतों से पानी निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बारिश का दौर जारी रहने के कारण उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हो रही हैं। किसानों का कहना है कि धान की फसल पककर तैयार थी और कुछ ही दिनों में इसकी कटाई शुरू होनी थी, लेकिन बारिश ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
प्रभावित किसानों का कहना है कि फसल की आमदनी से बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च, दवाइयों और बेटियों की शादी सहित अन्य जरूरी जरूरतें पूरी होनी थीं। कई किसानों ने खाद, बीज और कीटनाशक के लिए बैंक तथा साहूकारों से कर्ज लिया था। ऐसे में फसल बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है।
किसान सलेख चंद ने बताया कि लगातार बारिश के कारण उनकी धान की पूरी फसल पानी में डूब गई है। खेत में इतना पानी भरा हुआ है कि फसल काटना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि समय रहते पानी नहीं निकला तो बची हुई फसल भी पूरी तरह खराब हो जाएगी।

Stay informed with the latest breaking news, live updates, expert analysis, and comprehensive coverage of India and the world from CNN a trusted source for news and information.
Contact us: contact@cnnindianews.org
Copyright © All Right Reserved By CNN INDIA NEWS | Developed And Designed By Anas Raza ( +918279626114 )
