होमUncategorizedसंघर्षहड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था बेपटरी, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर

हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था बेपटरी, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर

निजी कंपनी के अधीन काम करने को तैयार नहीं निगम कर्मचारी, विधायक की मौजूदगी में भी नहीं निकला समाधान

(काशिफ़ सुल्तान) नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहने से शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। विभिन्न इलाकों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों और निगम प्रशासन के बीच गतिरोध खत्म करने के प्रयास भी अब तक सफल नहीं हो पाए हैं।

शुक्रवार को नगर निगम सभागार में खानपुर विधायक उमेश कुमार की मौजूदगी में कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें मेयर अनीता अग्रवाल, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी भी शामिल हुए। बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, लेकिन किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी। कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया कि वे थर्ड पार्टी कंपनी के अधीन काम करने के लिए तैयार नहीं हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं हुआ। मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने और वेतनमान से संबंधित मांगें भी लंबित हैं। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं।

बैठक के दौरान विधायक उमेश कुमार ने कंपनी के अधिकारियों को कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की बदसलूकी नहीं करने की हिदायत दी। हालांकि, कर्मचारियों की प्रमुख मांग पर तत्काल कोई निर्णय नहीं हो सका, जिसके चलते हड़ताल समाप्त होने की उम्मीदों को झटका लगा।

गौरतलब है कि करीब सात माह पहले भी सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पांच दिन तक काम बंद रखा था। उस समय आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई थी। अब दोबारा आंदोलन शुरू होने से नगर निगम के सामने सफाई व्यवस्था सुचारु रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। यदि जल्द ही विवाद का समाधान नहीं निकला, तो शहर में गंदगी की समस्या और गंभीर हो सकती है।

संबंधित लेख

जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
Please enter your name here

- विज्ञापन -
गूगल सर्च इंजन

सबसे लोकप्रिय

हाल की टिप्पणियाँ