(फरमान अनसारी) हरिद्वार। क्षेत्र के किसानों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने जिलाधिकारी हरिद्वार को ज्ञापन भेजकर तत्काल समाधान की मांग की है। युवा प्रदेश अध्यक्ष सुमित उपाध्याय की ओर से दिए गए ज्ञापन में किसानों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
ज्ञापन में पुरकाजी से नारसन बॉर्डर तक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई, झबरेड़ा में आबादी और कृषि भूमि के आसपास कूड़ा डाले जाने की तैयारी पर रोक तथा भगवानपुर क्षेत्र में फैक्ट्रियों के पानी से फसलों को हो रहे नुकसान की जांच कराने की मांग की गई है।किसान यूनियन ( तोमर ) ने इकबालपुर शुगर मिल के वर्ष 2018-19 के बकाया गन्ना भुगतान को जल्द कराने की मांग भी उठाई है। इसके अलावा उल्हेड़ा चौकी के पीछे हरे-भरे आम के पेड़ों की कटाई पर रोक, लंढौरा, लक्सर और खानपुर क्षेत्र की रबर फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण की जांच तथा मंगलौर के मोहल्ला पठानपुरा में बिजली और जल निकासी की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में गांवों में विजिलेंस टीम की कार्रवाई के दौरान अनावश्यक भय का माहौल न बनाने की मांग करते हुए कार्रवाई शांतिपूर्ण और नियमानुसार किए जाने की बात कही गई है। वहीं किसानों की बढ़ती लागत का हवाला देते हुए गन्ने का भाव ₹600 प्रति कुंतल किए जाने की मांग रखी गई है। हाल ही में हुई भारी बारिश से प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने जिलाधिकारी से सभी मांगों का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
सीएनएन से भारत और दुनिया की नवीनतम ब्रेकिंग न्यूज, लाइव अपडेट, विशेषज्ञ विश्लेषण और व्यापक कवरेज के साथ सूचित रहें, जो समाचार और सूचना का एक विश्वसनीय स्रोत है।
संपर्क करें: contact@cnnindianews.org
कॉपीराइट © सर्वाधिकार सुरक्षित CNN INDIA NEWS | विकसित और डिज़ाइन किया गया Anas Raza द्वारा ( +918279626114 )
