(काशिफ सुल्तान)रुड़की। मोबाइल डीलर एसोसिएशन रुड़की के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आजाद नगर चौक स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी के कार्यालय का घेराव कर दुकानों के कोड बंद किए जाने का विरोध किया। मोबाइल विक्रेताओं ने कंपनी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए समस्याओं का समाधान नहीं होने पर दुकानें बंद कर आंदोलन की चेतावनी दी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार भूटानी ने कहा कि मोबाइल दुकानों से खरीदे जाने वाले फोन के लिए ग्राहक बजाज फाइनेंस के माध्यम से ऋण लेते हैं। इसके लिए कंपनी के कर्मचारी ही ग्राहक से आवश्यक दस्तावेज लेते हैं और ऋण की प्रक्रिया पूरी करते हैं। इसके बावजूद यदि ग्राहक किश्त जमा नहीं करता है तो दुकानदार को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राहक द्वारा ऋण की किश्त नहीं चुकाने में मोबाइल विक्रेता की कोई जिम्मेदारी नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने शहर के कई मोबाइल विक्रेताओं के कोड बंद कर दिए हैं, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। कंपनी को अपनी हठधर्मिता छोड़कर विक्रेताओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
महामंत्री हरमीत सिंह दुआ ने कहा कि कंपनी मोबाइल खरीदारों को वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने से मुनाफा कमाती है। ऐसे में ग्राहक से किश्त की वसूली की जिम्मेदारी भी कंपनी की होनी चाहिए।
संयोजक ओम बाधवा ने आरोप लगाया कि ग्राहकों द्वारा ऋण की किश्त जमा नहीं करने पर मोबाइल विक्रेताओं पर चार किश्तों का दंड लगाया जा रहा है। उन्होंने इसे उत्पीड़न बताते हुए कहा कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, बजाज फाइनेंस के सेल मैनेजर हिमांशु शर्मा ने मोबाइल विक्रेताओं की समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान भूपेंद्र सिंह, ओमप्रकाश वाधवा, अमन, अमित, शिवम अरोड़ा, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे। 
सीएनएन से भारत और दुनिया की नवीनतम ब्रेकिंग न्यूज, लाइव अपडेट, विशेषज्ञ विश्लेषण और व्यापक कवरेज के साथ सूचित रहें, जो समाचार और सूचना का एक विश्वसनीय स्रोत है।
संपर्क करें: contact@cnnindianews.org
कॉपीराइट © सर्वाधिकार सुरक्षित CNN INDIA NEWS | विकसित और डिज़ाइन किया गया Anas Raza द्वारा ( +918279626114 )
