HomeBusinessक्या आपका होम इंश्योरेंस तूफान से आपके घर की रक्षा करता है?
क्या आपका होम इंश्योरेंस तूफान से आपके घर की रक्षा करता है?
(काशिफ सुल्तान) प्राकृतिक आपदाएं न केवल अचानक से आती हैं, बल्कि अपने पीछे छोड़ जाती हैं तबाही का एक भयानक मंज़र. ये कहीं और कभी भी आ सकती हैं और आपको काफी नुकसान पहुंचा सकती हैं. भारत में तूफान अक्सर आते रहते हैं और ये न केवल तटीय क्षेत्रों को प्रभावित करते हैं, बल्कि घनी आबादी वाले शहर भी इसकी चपेट में आ जाते हैं. तेज़ हवा, भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने से आपके घर को गंभीर क्षति तो पहुंच ही सकती है, साथ-साथ आपके व्यक्तिगत सामानों को भी काफी नुकसान पहुंच सकता है. इसी वजह से कई मकान मालिक हमेशा अपने घर की सुरक्षा के प्रति चिंतित रहते हैं. इसलिए आपके लिए यह जानना बेहद ज़रूरी है कि होम इंश्योरेंस किस तरह के तूफान के नुकसान से आपको बचाता है और एक मज़बूत सुरक्षा प्रदान करता है.
जानिए तूफान किस तरह के होते हैं
तूफान अलग-अलग तरह के होते हैं. हर तरह का तूफान अपने तरीके से आपके घर को नुकसान पहुंचा सकता है.
आंधी में हवा की रफ़्तार तेज़ हो जाती है, जिससे कि छत पर लगी टाइलें उखड़ सकती हैं, खिड़कियां टूट सकती हैं और पेड़ों की जड़ें भी उखड़ सकती हैं. इससे आपके घर की पूरी नींव कमज़ोर पड़ सकती है. खासतौर पर घर के बाहरी हिस्से जैसे कि बाड़, गैरेज और छप्पर को खासा नुकसान पहुंच सकता है और ये तेज़ी से क्षतिग्रस्त हो सकते हैं.
ओलावृष्टि ऐसे तो कुछ खास इलाकों में होती है, लेकिन जहां भी ओलावृष्टि होती है वहां ये गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है. इसमें आसमान से बर्फ के टुकड़े यानी कि ओले तेज़ी से ज़मीन पर गिरने लगते हैं. बड़े आकार के ओले खिड़कियां तोड़ सकते हैं, छतों को नुकसान पहुंचा सकते हैं और सोलर पैनल के साथ-साथ पार्क किए गए वाहनों को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर सकते हैं, जिसकी मरम्मत में खासा खर्च आ सकता है.
आकाशीय बिजली घरों के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकती है. बिजली गिरने से आग लग सकती है, छतों और दीवारों को नुकसान पहुंच सकता है और बिजली के उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो सकते हैं. बिजली गिरने से अचानक से वोल्टेज बढ़ने पर आपके घरेलू उपकरण खराब हो सकते हैं, वायरिंग जल सकती है और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है. हो सकता है कि ये नुकसान आपको तुरंत न दिखाई दें, लेकिन बाद में एक बड़े नुकसान की वजह बन सकते हैं.होम इंश्योरेंस में तूफान से होने वाला नुकसान किस तरह से कवर किया जाता है।
अधिकतर होम इंश्योरेंस आमतौर पर तूफान से होने वाले नुकसान को कवर करते हैं, लेकिन कवरेज का स्तर आपकी पॉलिसी और शर्तों पर निर्भर होता है. सामान्य तौर पर इंश्योरेंस कंपनियां चक्रवाती तूफान, ओलावृष्टि और बिजली गिरने जैसी आपदाओं को कवर करती हैं. तेज़ चक्रवाती तूफानी हवाओं से छत, दीवार और खिड़कियों को पहुंचने वाले नुकसान आमतौर पर इंश्योरेंस में कवर किए जाते हैं. इसके अलावा, ओलावृष्टि से घर की संरचना को पहुंचने वाले नुकसान भी इन पॉलिसियों में कवर किए जाते हैं. बिजली गिरने से होने वाले नुकसान, जैसे कि आग लगना या बिजली की वायरिंग और फिटिंग्स के नुकसान भी अक्सर इसमें कवर किए जाते हैं. हालांकि भारत में अधिकतर पॉलिसियों में ये कवरेज उपलब्ध होते हैं. लेकिन ये उस स्थिति में लागू नहीं होते हैं, जब आपने इन्हें न चुना हो या फिर इंश्योरेंस कंपनी ने इस विशेष कवर को शामिल न किया हो. इसलिए मकान मालिकों को पॉलिसी डॉक्यूमेंट ध्यान से पढ़ने चाहिए, ताकि उन्हें पता लग सके कि पॉलिसी में कौन सी चीज़ें शामिल हैं और कौन सी नहीं. इससे क्लेम के दौरान उन्हें कभी भी निराश नहीं होना पड़ेगा.देखें कि तूफान से होने वाले नुकसान के लिए आपका कवरेज पर्याप्त है या नहीं?
पूरी तरह से सुरक्षित रहने के लिए मकान मालिकों को न केवल होम इंश्योरेंस की ध्यानपूर्वक जांच-पड़ताल करनी चाहिए, बल्कि खरीदते समय पूरी तरह एहतियात भी बरतनी चाहिए. आपको पॉलिसी की हर जानकारी विधिवत रूप से पढ़नी चाहिए, ताकि आप अच्छी तरह से जान जान सकें कि तूफान में कौन से नुकसान कवर किए जाते हैं. अगर आपको लगता है कि आपका बेसिक कवरेज सीमित है, तो आप ऐड-ऑन कवर चुन सकते हैं, जिसमें बाढ़ से सुरक्षा प्रदान की जाती है या फिर घर के बाहर मौजूद महंगी फिटिंग्स या आंगन और बगीचे में लगी फिटिंग्स के लिए भी आप कवरेज ले सकते हैं. ऐसी इंश्योरेंस कंपनी चुनें जो कि प्रॉपर्टी इंश्योरेंस में व्यापक कवरेज पेश करती हो और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बेहतर तरीके से आपकी मदद करे. तूफान के बाद अपने घर की तस्वीरें खींचना या वीडियो रिकॉर्ड बनाए रखना भी बेहद ज़रूरी होता है, ताकि घर की मौजूदा स्थिति का पता लग सके. इससे न केवल क्लेम की प्रक्रिया आसान हो जाती है, बल्कि इंश्योरेंस कंपनी को यह जानने में भी मदद मिलती है कि तूफान की वजह से कितना नुकसान हुआ है.होम इंश्योरेंस आपके घर के लिए एक बेहद अहम सुरक्षा कवच है. तूफान आने पर यह आपके घर की सुरक्षा करने के साथ-साथ आपको भी आर्थिक रूप से भी मज़बूत बनाए रखता है. अधिकतर पॉलिसियों में हवा, बिजली, ओलावृष्टि जैसे सामान्य जोखिम कवर किए जाते हैं, ऐसे में ज़रूरी है कि मकान मालिक पॉलिसी के नियम व शर्तों के साथ-साथ इसकी सीमाओं को भी अच्छी तरह से समझें.
पॉलिसी में दिए गए विवरणों को अच्छी तरह से पढ़ें और अपने लिए एक विश्वनीय इंश्योरेंस कंपनी के साथ-साथ उपयुक्त ऐड-ऑन भी चुनें. इससे बेहद खराब मौसम में भी आपका घर पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा. आज उठाया गया एक सूझबूझ भरा कदम आपको न केवल चिंतामुक्त कर देगा, बल्कि अचानक से आने वाले तूफान और नुकसान से भी सुरक्षित रखेगा.
लेखक: गुरदीप सिंह बत्रा, हेड – प्रॉपर्टी यूडब्ल्यू, रिस्क इंजीनियरिंग, ग्लोबल अकाउंट्स एवं को-इंश्योरेंस, बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड (पूर्व में बजाज आलियांज़ जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड)
Post Views: 48,789